युवा मतदाताओं का मत तय करेगा कि भारत की दिशा क्या होगी-डॉ संगम मिश्र

प्रयागराज गौरव।गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा डिघिया और मांडा मंडल (भाजयुमो) की ओर से आयोजित मेजा विधानसभा के ग्राम आंधी में ‘नमो नवमतदाता सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. संगम मिश्र ने कहा कि 18 से 25 वर्ष की आयु ऐसी होती है जब किसी का भी जीवन बहुत से बदलावों का साक्षी बनता है और इन्हीं बदलावों के बीच नवमतदाता वर्ग को एक और जिम्मेदारी साथ-साथ निभानी है। श्री मिश्र ने कहा कि यह जिम्मेदारी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के उत्सव में भागीदारी की है।
डॉ. संगम मिश्र ने कहा कि अगले कुछ सालों में भारत अंतरिक्ष,रक्षा, विनिर्माण, प्रौद्योगिकी और नवाचार जैसे कई क्षेत्रों में कहां पहुंचेगा यह युवाओं पर निर्भर होगा। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी गति, हमारी दिशा, हमारा रुख कैसा होगा, इसका एक बड़ा माध्यम मतदान ही होगा। भविष्य के भारत में आपके लिए संभावनाएं कैसी होंगी इसकी जिम्मेदारी उन लोगों पर होगी जो इस कालखंड में देश की व्यवस्था संभालेंगे। ऐसे में लोगों का सही चुनाव हो, यह जिम्मेदारी नौजवान मतदाताओं पर है।’’
डॉ. संगम मिश्र ने कहा कि युवाओं के लिए जरूरी है कि वे भारत का भाग्य उज्ज्वल बनाने के लिए वोट दें। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए याद रखिएगा। आपका एक वोट और देश के विकास की दिशा, दोनों आपस में जुड़े हुए हैं। आपका एक वोट भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएगा, भारत में एक स्थिर और बड़े बहुमत वाली सरकार लाएगा, भारत में तेज सुधारों की गति को और तेज गति देगा तथा भारत में डिजिटल क्रांति को और ऊर्जा देगा।’’
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मांडा मंडल अध्यक्ष अशोक दुबे,पूर्व मंडल अध्यक्ष मांडा जीतनारायण श्रीवास्तव, डिघिया मंडल अध्यक्ष सुब्बा लाल प्रजापति, पूर्व मंडल अध्यक्ष डिघिया अखिलेश शुक्ल, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मांडा मिथलेश मौर्य, ओम प्रकाश विश्वकर्मा, दिलीप शुक्ल, भगवान दास कुशवाहा, एस.के.तिवारी अमरेश मिश्र, श्रीकांत शुक्ल, विजय प्रकाश के साथ बड़ी संख्या में युवा, भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।